योजना एवं अनुश्रवण/नियंत्रण प्रभाग (पीएमडी)
योजना एवं अनुश्रवण प्रभाग (पीएमडी) का गठन कार्यक्रमों के निर्माण, अनुश्रवण, मूल्यांकन की प्रक्रिया के समन्वयन और कार्यक्रमों की नियमित रिपोर्ट मानव संसाधन विकास मंत्रालय (एमएचआरडी) को प्रस्तुत करने के उद्देश्य से किया गया था। यह एनसीईआरटी की शैक्षणिक योजनाओं/गतिविधियों के संदर्भ में एक समन्वयक इकाई के रूप में कार्य करता है तथा कार्यक्रम सलाहकार समिति (PAC) द्वारा अनुमोदित सभी कार्यक्रमों का मूल्यांकन करता है।यह प्रभाग परिषद् की उपयुक्त रणनीतियाँ तैयार करने की जिम्मेदारी वहन करता है और इसकी विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए उचित दिशानिर्देश जारी करता है। अपने उद्देश्यों की प्राप्ति हेतु पीएमडी दिशानिर्देश जारी करता है, सूचनाओं के प्रसार के लिए विभिन्न दस्तावेज तैयार करता है, तथा कार्यक्रम सलाहकार समिति (PAC) द्वारा अनुमोदित कार्यक्रमों की प्रगति की निगरानी करता है।
भूमिका एवं कार्य
एनसीईआरटी की घटक इकाइयों को अल्पकालिक एवं दीर्घकालिक शैक्षणिक कार्यक्रमों के निर्माण, उनके क्रियान्वयन के मूल्यांकन तथा प्रगति के आकलन में सहयोग प्रदान करते हुए, पीएमडी निम्नलिखित गतिविधियों में संलग्न रहा है:
- एनसीईआरटी की वार्षिक रिपोर्ट की तैयारी;
- मानव संसाधन विकास मंत्रालय (एमएचआरडी) की वार्षिक रिपोर्ट हेतु एनसीईआरटी घटक की तैयारी;
- एनसीईआरटी के लिए परिणाम-प्रक्रिया दस्तावेज़ (RFD) और समझौता ज्ञापन (MoU) की तैयारी;शैक्षणिक कार्यक्रमों के निर्माण हेतु सामान्य दिशानिर्देशों की तैयारी, विकास और अद्यतनकरण;
- कार्यक्रम संसाधन समितियों की बैठकों के लिए समय-सारणी की तैयारी एवं उनमें सहभागिता : विभागीय सलाहकार मंडल, शैक्षणिक समिति, संस्थान सलाहकार मंडल तथा प्रबंधन समितियाँ;
- कार्यक्रम सलाहकार समिति (PAC) की बैठकों का आयोजन;
- घटक इकाइयों/विभागों द्वारा संचालित कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की त्रैमासिक निगरानी; अनुवर्ती कार्यवाहियों के माध्यम से जानकारी का संकलन और संसाधन;
- विशेष घटक योजना (SCP) और जनजातीय उप-योजना (TSP) के अंतर्गत प्रस्तावित कार्यक्रमों की प्रगति विवरण के बजट के साथ तैयारी;
- एनसीईआरटी के वार्षिक कार्यक्रम के बजट को तैयार करना;
- कार्यक्रम सलाहकार समिति (PAC) द्वारा अनुमोदित कार्यक्रमों की गतिविधियों के प्रस्तावों को प्रशासनिक-सह-वित्तीय स्वीकृति हेतु संसाधित करना;
- अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/अल्पसंख्यकों पर विशेष रिपोर्टों सहित मासिक एवं त्रैमासिक रिपोर्टों की तैयारी;
- उत्तर-पूर्वी क्षेत्र (NER), बालिका शिक्षा आदि से संबंधित कार्यक्रमों की प्रगति तथा व्यय पर अलग-अलग रिपोर्टों की तैयारी;
- एनआईई के विभागों/प्रभागों/प्रकोष्ठों, सीआईईटी, पीएसएससीआईवीई तथा आरआईईज़ के कार्यक्रम प्रस्तावों की समीक्षा – कार्यक्रम सलाहकार समिति (PAC) की बैठकों की सिफारिशों के अनुसार दोहराव और वित्तीय पहलुओं के संदर्भ में;
- शैक्षिक कार्य प्रणालियों के अनुभवों को राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों (संघ राज्य क्षेत्रों) के साथ साझा करना तथा राज्यों के साथ मिलकर उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप यथार्थपरक आवश्यकता मूल्यांकन विकसित करना, ताकि एनसीईआरटी के पास उपलब्ध विशेषज्ञता के अनुरूप राज्यों/संघ राज्य क्षेत्रों की आवश्यकताओं को पूरा किया जा सके।
इन नियमित गतिविधियों के अतिरिक्त, पीएमडी परियोजना की योजना, क्रियान्वयन, अनुश्रवण और मूल्यांकन के क्षेत्रों में अनुसंधान, विकास, प्रशिक्षण एवं विस्तार कार्यक्रमों के संचालन में भी संलग्न है। इस प्रभाग ने डाइट (DIETs) की कार्यप्रणाली पर शोध अध्ययन, दिल्ली के एमसीडी स्कूलों पर केस अध्ययन किए हैं, और वर्तमान में ‘नो डिटेंशन नीति’ पर एक शोध अध्ययन कर रहा है। प्रभाग के विकास एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य डाइट संकाय की परियोजना योजना, क्रियान्वयन, अनुश्रवण और मूल्यांकन की दक्षता को सुदृढ़ करना है। यह प्रभाग स्नातकोत्तर स्तर के शिक्षकों/प्राध्यापकों के लिए अर्थशास्त्र विषय में मिश्रित विधा (सीधा संपर्क और ऑनलाइन) में पाठ्यक्रम भी आयोजित करता रहा है। इस कार्यक्रम से जम्मू और कश्मीर, राजस्थान, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, सिक्किम, छत्तीसगढ़, झारखंड और मध्य प्रदेश जैसे विभिन्न राज्यों/संघ राज्य क्षेत्रों के शिक्षक लाभान्वित हुए हैं। वर्तमान में यह प्रभाग इस पाठ्यक्रम को एम.ओ.ओ.सी. (MOOC) प्लेटफॉर्म पर रूपांतरित करने की प्रक्रिया में है।
